Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

*विधिक जागरूकता शिविर में छात्राओं को मौलिक अधिकार और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी*

चाईबासा: नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका आवासीय विद्यालय, चाईबासा में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, दिल्ली (नालसा) और राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची (झालसा) के निर्देश पर आयोजित हुआ। शिविर में छात्राओं को उनके मौलिक अधिकार, कर्तव्य और विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा मौहम्मद शाकिर और सचिव डालसा रवि चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर को पीएलवी हेमराज निषाद और पीएलवी रत्ना चक्रवर्ती ने संबोधित किया। उन्होंने छात्राओं को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी।

शिविर में साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ मोबाइल पर ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। बैंक कभी भी फोन करके ओटीपी नहीं मांगता है। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल इसकी सूचना संबंधित हेल्पलाइन पर देने की जानकारी दी गई।

अधिकार मित्रों ने डायन प्रथा को अंधविश्वास बताते हुए छात्राओं को इससे दूर रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को डायन कहना अपराध है और इसके लिए कानून में सजा का प्रावधान है। किसी की तबीयत खराब होने पर झाड़-फूंक के बजाय चिकित्सकीय उपचार कराने की सलाह दी गई। छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से ज्ञानवर्धक कहानियां भी सुनाई गईं।

इसके अलावा बाल विवाह, बाल श्रम तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के गठन, उद्देश्य और इससे मिलने वाली कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से बताया गया। छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें पुलिस हेल्पलाइन 100 और 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस 108, अग्निशमन 101, नालसा हेल्पलाइन 15100 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।

शिविर में विद्यालय की प्राचार्य बबीता महतो सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें कानूनी समस्याओं की स्थिति में उपलब्ध सहायता और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना रहा।

Related Post