Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

*’खेलो इंडिया संवाद’ से खेल और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की बढ़ेगी भागीदारी*

चाईबासा: राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त के अवसर पर युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला कॉलेज चाईबासा के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो और पश्चिमी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों और तैयारियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से देश के युवाओं, खिलाड़ियों और भविष्य की संभावनाओं को एक साझा मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवा, खिलाड़ी और भविष्य को एक मंच पर लाना है। देशभर में वर्चुअल माध्यम से करीब 1600 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें चार लाख से अधिक युवाओं के जुड़ने की संभावना है। प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों को कार्यक्रम से जोड़ने की योजना है।

कार्यक्रम में स्थानीय खेल प्रतिभाओं और युवाओं के बीच विशेष संवाद सत्र होगा। इसमें सांसद, विधायक या मंत्री सहित जनप्रतिनिधि युवाओं को संबोधित करेंगे। करीब 15 मिनट के संवाद सत्र में युवा अपने विचार, सुझाव और आकांक्षाएं साझा कर सकेंगे।

संवाद के दौरान चार प्रमुख विषयों पर युवाओं से सुझाव लिए जाएंगे। इनमें जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को बेहतर बनाना और खेल प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराना, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान एवं विकास, युवा नेतृत्व और शासन व्यवस्था में युवाओं की सहभागिता तथा विकसित भारत के निर्माण में युवा सशक्तीकरण शामिल हैं।

युवाओं के विचार और सुझाव क्यूआर कोड के माध्यम से संकलित किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं को वीबीवाईएलडी क्विज राउंड में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

चाईबासा क्षेत्र की युवा खेल प्रतिभाएं माधवी चौहान (तीरंदाजी) और सिसिलिया पुरती (हॉकी) कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रहेंगी। वहीं बड़कुँवर गागराई, पूर्व विधायक एवं पूर्व आपूर्ति मंत्री, भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर युवाओं को संबोधित करेंगे।

डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो और अभिषेक आनंद ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ-साथ उनके विचारों, नेतृत्व क्षमता और आकांक्षाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा।

Related Post