Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

*अजय तेल मिल के संचालक अजय गुप्ता का आकस्मिक निधन, शहर में शोक की लहर*

चाईबासा: स्टेशन रोड स्थित अजय तेल मिल के संचालक अजय गुप्ता का सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे आकस्मिक निधन हो गया। सांस लेने में तकलीफ होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार हृदयाघात के कारण उनकी मृत्यु हुई।

अजय गुप्ता के निधन की खबर मिलते ही चाईबासा शहर में शोक की लहर दौड़ गई। सदर अस्पताल से उनके पार्थिव शरीर को आवास पर लाया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में रिश्तेदार, मित्र, व्यवसायी और शहरवासी उनके आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

अजय गुप्ता स्वर्गीय रामहरी प्रसाद साव के दो पुत्रों में छोटे पुत्र थे। उन्होंने अपने पिता के तेल मिल व्यवसाय को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ाया। तेल व्यवसाय के अलावा लोहे, सीमेंट, छड़ सहित अन्य निर्माण सामग्री का कारोबार भी वे संचालित करते थे। व्यवसायिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता और मिलनसार व्यवहार के कारण जिले के व्यापारियों के बीच उनकी अच्छी पहचान थी।

उनके निधन की सूचना मिलने पर तेल व्यवसाय से जुड़े जिले के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी चाईबासा पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी उनके आवास पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अजय गुप्ता के बचपन के मित्र एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सह अधिवक्ता हेमन्त कुमार केशरी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अजय गुप्ता उनके बचपन के मित्र थे और लंबे समय से उनके साथ व्यक्तिगत एवं सामाजिक संबंध रहे। उन्होंने कहा कि अजय गुप्ता मेहनती, सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने अपने पिता के व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पूरी लगन से काम किया और व्यापारिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका इस तरह अचानक चले जाना परिवार, मित्रों और पूरे व्यवसायिक समाज के लिए बड़ी क्षति है। हेमन्त कुमार केशरी ने शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

परिजनों के अनुसार अजय गुप्ता का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा। अंतिम यात्रा मंगलवार सुबह 10 बजे चाईबासा स्थित उनके आवास से निकलेगी।

Related Post