चाईबासा: सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर मुर्गा महादेव जाने वाले शिवभक्तों और कांवरियों की नि:स्वार्थ सेवा के लिए चाईबासा बोल बम सेवा समिति ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति की ओर से कांवरियों की सुविधा हेतु खाद्य एवं अनाज सामग्री से भरा ट्रक सेवा स्थल के लिए रवाना किया गया।
यह सेवा जत्था रुंगटा मैरिज हाउस, चाईबासा से रवाना हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक पुरुषोत्तम शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर धार्मिक विधि-विधान के अनुसार नारियल फोड़ा और हरी झंडी दिखाकर सेवा वाहन को आगे के सफर के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष मोहन रुंगटा एवं वरिष्ठ सदस्य अनिल खिरवाल ने बताया कि कांवरियों की सेवा का यह सिलसिला चरणबद्ध तरीके से चलेगा। सेवा दल सबसे पहले झींकपानी पहुंचकर रात्रि सेवा प्रदान करेगा। इसके पश्चात अगले दिन सुबह हाटगम्हरिया और फिर जगन्नाथपुर में शिविर लगाया जाएगा।
रविवार को कोटगढ़ में कांवरियों तथा डाक बम के लिए विशेष सेवा दी जाएगी। साथ ही, रविवार को कोटगढ़ में एक भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद उठा सकेंगे। समिति के सदस्यों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार डाक बम भी झींकपानी मार्ग से होकर ही अपनी यात्रा पूरी करेंगे।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने और कांवरियों की यात्रा सुगम बनाने में चाईबासा बोल बम सेवा समिति के तमाम सदस्य पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं। रवानागी के दौरान समिति के अध्यक्ष मोहन रुंगटा, वरिष्ठ सदस्य अनिल खिरवाल, अशोक विजयवर्गीय, गौरी अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, कमल लाठ सहित बोल बम सेवा समिति के अन्य सभी सदस्य, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कांवरियों की सेवा को सर्वोपरि बताते हुए इस आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

