Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

छिनतई के आरोपियों को छोड़े जाने पर किन्नरों का हंगामा, जुगसलाई थाना घेरा

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में छिनतई के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज किन्नर समुदाय के लोगों ने शुक्रवार सुबह थाना परिसर के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिए जाने की सूचना पर किन्नर बड़ी संख्या में जुगसलाई थाना पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लगाए गए बैरिकेड भी गिरा दिए, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने दोनों आरोपियों को दोबारा थाने बुलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

बताया जाता है कि 19 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे एक किन्नर पार्वती घाट के पास से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन तथा नकदी छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने जुगसलाई थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया था। हालांकि शुक्रवार सुबह दोनों को छोड़े जाने की खबर किन्नर समुदाय के लोगों तक पहुंची तो वे आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में किन्नर जुगसलाई थाना पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

थाने के बाहर विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लगाए गए बैरिकेड गिरा दिए। इससे सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारियों को समझाकर थाना परिसर के अंदर बुलाया।

थाने के अंदर किन्नर समुदाय के लोगों ने पुलिस से आरोपियों को छोड़े जाने का कारण पूछा और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को दोबारा थाने बुलाकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में थे और छिनतई की घटना को लेकर आगे की कार्रवाई जारी थी।

Related Post