Breaking
Thu. Aug 20th, 2026

भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला की मासिक बैठक संपन्न, बूथ और शक्तिकेंद्रों के सशक्तिकरण पर जोर

धालभूमगढ़। भारतीय जनता पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला की मासिक बैठक गुरुवार को अग्रसेन भवन, नरसिंहगढ़, धालभूमगढ़ में जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रभारी दिनेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत पार्टी के पितृ पुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी ने पूर्व प्रत्याशी लखन मार्डी को भारत सरकार द्वारा MRPL-ONGC के स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किए जाने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने बूथ समितियों और शक्तिकेंद्रों को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही मंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पार्टी के विस्तार और संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए बूथ स्तर तक जनसंपर्क को व्यापक बनाना जरूरी है। प्रत्येक बूथ को सक्रिय करते हुए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की जरूरत है।

कलश यात्रा और SIR अभियान पर भी चर्चा

बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही कलश यात्रा को मंडल क्षेत्र के सभी मंदिरों तक पहुंचाने और इसमें व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा वर्तमान में चल रहे SIR अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ बेहरा ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष चंडी चरण साव, पूर्व प्रत्याशी लखन मार्डी, बाबूलाल सोरेन और जिला महामंत्री हेमंत नारायण देव ने भी अपने विचार रखे।

बैठक में गीता मुर्मू, राहुल पाण्डेय, रोहित सिंह परमार, ब्रजेश सिंह, दीपक दंडपत, चंदना मुर्मू सहित मंडल अध्यक्ष काकुली सिंह, तनुश्री नंदा, कमलकांत सिंह, अमरदीप शर्मा, महादेव महतो, दिलीप पंडा, शुभेंदु पात्र, जयंत घोष, अशोक पासवान, विजय पाण्डेय, सौरव हांसदा और जगन्नाथ कालिंदी समेत अन्य जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ एवं शक्तिकेंद्रों के सशक्तिकरण और जनसेवा को पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

Related Post