जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने शहर में चोरी और छिनतई की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी और छिनतई के 31 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, दो चोरी की स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में दर्ज छह मामलों का उद्भेदन हुआ है।
गुरुवार को एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र में सक्रिय चोरी और छिनतई गिरोह के कुछ सदस्य एमजीएम अस्पताल के आसपास किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने एमजीएम अस्पताल के आसपास घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके पास से चोरी और छिनतई से जुड़े मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद हुए। पुलिस ने जब आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संगठित तरीके से मोबाइल, पर्स, चेन, दोपहिया वाहन और अन्य सामान चोरी व छिनतई करने की बात सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस ने एमजीएम थाना कांड संख्या 89/2026 में महिला से छीना गया सोने का लॉकेट लगा मोती का माला बरामद किया। इसके अलावा एमजीएम अस्पताल से चोरी हुए वीवो मोबाइल और मोटो जी-57 पावर मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। एमजीएम अस्पताल में पॉकेटमारी की घटना तथा अस्पताल की पार्किंग से चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी को भी पुलिस ने बरामद कर लिया। वहीं सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड से चोरी हुई यामाहा फैसिनो स्कूटी भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से कुल 31 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इनमें छह मोबाइल आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी से मिले, जबकि 25 एंड्रॉयड और कीपैड मोबाइल फोन तुषार कालिन्दी के बागुनहातु स्थित घर से बरामद किए गए। बरामद मोबाइल में आईफोन, वीवो, ओप्पो, रियलमी और सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं।
आभूषणों में एक सोने का लॉकेट, चांदी की माला में सिटीगोल्ड का मंगलसूत्र, तीन पतली चांदी की चेन और एक जोड़ी कान के टॉप बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दो चोरी की स्कूटी के अलावा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल का इस्तेमाल छिनतई की घटनाओं में किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार कालिन्दी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिन्दी उर्फ नन्दु, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। सभी आरोपी बागुनहातु क्षेत्र के रहने वाले हैं और सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनमें तुषार कालिन्दी की उम्र 25 वर्ष, सन्नी कालिन्दी की 23 वर्ष, लक्ष्मण बागती की 23 वर्ष, आकाश दत्ता की 23 वर्ष और सावन देवगम की उम्र 20 वर्ष है।
पुलिस जांच में आकाश दत्ता उर्फ चेपा का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बिरसानगर, सिदगोड़ा और मानगो थाना क्षेत्रों में चोरी, एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं सावन देवगम के खिलाफ साकची, सीतारामडेरा, एमजीएम और सिदगोड़ा थानों में कई मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें हाल के दिनों में एमजीएम अस्पताल से मोबाइल चोरी, पॉकेटमारी और सीतारामडेरा से स्कूटी चोरी के मामले भी शामिल हैं। सन्नी कालिन्दी के खिलाफ भी सिदगोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद एमजीएम थाना में आरोपियों के खिलाफ एक नया मामला भी दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए सामान के संबंध में भी जांच जारी है। गिरफ्तार सभी पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार, प्रदीप वर्मा, सुगना मुंडा समेत एमजीएम थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

