चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई जमशेदपुर एसीबी की टीम ने शिकायत के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से की।
जानकारी के अनुसार, बंदगांव थाना में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े एक मामले में आरोपी का नाम हटाने और मामले में मदद करने के एवज में थाना प्रभारी द्वारा शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की मांग की गई थी। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एसीबी तक पहुंचने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की। शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने आरोपी पुलिस अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
गुरुवार को तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर थाना प्रभारी के पास पहुंचा। जैसे ही मनीष कुमार ने 15 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद करने के साथ ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

