Breaking
Thu. Aug 20th, 2026

*अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में समानता बरते प्रशासन : साधु हो*

चाईबासा: कोल्हान में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता साधु हो ने प्रशासन से कार्रवाई में समानता बरतने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से तांम्बो चौक से उपायुक्त कार्यालय तक अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया गया है, जिसका वे स्वागत करते हैं। हालांकि उन्होंने प्रशासन से पूरे चाईबासा बाजार में अतिक्रमित भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।

साधु हो ने कहा कि कोल्हान में विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन, पदयात्रा और जनआंदोलन हो रहे हैं। इसके बावजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस के विधायक-मंत्री तथा जिला और प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं की चुप्पी को लेकर आम लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चाईबासा में नो एंट्री की मांग से लेकर मझगांव में देशाउली स्थल से जुड़ी मारपीट की घटना तक कई मामलों में आदिवासी समुदाय प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों के हितों की बात करने वाली सरकार के कार्यों और जमीनी स्थिति में अंतर दिखाई दे रहा है।

साधु हो ने कहा कि प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत चाईबासा बाजार की तमाम अतिक्रमित भूमि और अवैध कब्जों पर भी समान रूप से कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई में भेदभाव किया गया तो इसे आदिवासी समुदाय के साथ अन्याय के रूप में देखा जाएगा।

Related Post