चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय द्वारा मालवाहक ट्रकों में चालक के साथ खलासी (सहायक) की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई थी। इस मांग पर जिला परिवहन पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों और ट्रक ऑनर एसोसिएशन को आवश्यक निर्देश जारी किया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने पश्चिमी सिंहभूम ट्रक ऑनर एसोसिएशन और पूर्वी सिंहभूम ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्षों को पत्र जारी कर सभी मालवाहक ट्रकों में खलासी की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पत्र में कहा गया है कि मालवाहक ट्रकों का बिना खलासी के संचालन सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक है।
निर्देश में कहा गया है कि वाहन जांच के दौरान यदि किसी मालवाहक वाहन में खलासी नहीं पाया जाता है तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिला परिवहन पदाधिकारी ने इसे अतिआवश्यक विषय बताते हुए संबंधित वाहन मालिकों से नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
त्रिशानु राय ने परिवहन विभाग द्वारा उनकी मांग पर संज्ञान लिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मालवाहक वाहनों में खलासी की व्यवस्था सुनिश्चित होने से सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलेगी।

