Breaking
Thu. Aug 20th, 2026

*थाना प्रभारी रोहित कुमार के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी, साइबर ठगों ने मांगे पैसे*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली है। इस फर्जी आईडी के माध्यम से लोगों को मैसेज भेजकर तत्काल मदद के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है। साइबर ठग लोगों को अपने झांसे में लेने का प्रयास कर रहे हैं।

19 अगस्त की रात किरीबुरू के एक युवक को भी साइबर अपराधियों ने इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर तत्काल मदद के नाम पर 1000 रुपये की मांग की। पैसे भेजने के लिए मैसेज के साथ एक स्कैनर भी भेजा गया था। युवक ने मैसेज और टेक्स्ट लिखने की शैली को देखते हुए तुरंत समझ लिया कि यह थाना प्रभारी रोहित कुमार की ओर से भेजा गया संदेश नहीं है, बल्कि साइबर ठगों की करतूत है। इसके बाद युवक ने न तो पैसे भेजे और न ही भेजे गए स्कैनर का इस्तेमाल किया।

थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि कई परिचित लोगों ने उन्हें उनके नाम से बनाई गई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी की जानकारी दी है। लोगों ने बताया कि साइबर अपराधी उनके नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर पैसे की मांग कर रहे हैं।

रोहित कुमार ने लोगों से ऐसे साइबर अपराधियों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके नाम से किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पैसे की मांग वाला संदेश आए तो उस पर विश्वास नहीं करें और किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर न करें। किसी परिचित, अधिकारी या पुलिस पदाधिकारी के नाम से सोशल मीडिया पर पैसे की मांग होने पर संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क कर पहले इसकी पुष्टि कर लें।

उन्होंने लोगों से अनजान लिंक, क्यूआर कोड या स्कैनर के माध्यम से भुगतान करने से बचने की अपील की, ताकि वे साइबर ठगी का शिकार होने से सुरक्षित रह सकें।

Related Post