Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

एनएच-32 पर दर्दनाक हादसा, एक बाइक सवार चार किशोरों की मौत से मचा कोहराम

बोकारो। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के सिधावनी मोड़ के समीप बोकारो-पुरुलिया मार्ग एनएच-32 पर बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों की मौत हो गई। सभी युवक बंगाल की ओर से घूमकर अपने गांव आमाडीह लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पिंड्राजोरा पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को तत्काल बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान आमाडीह निवासी बुलेट प्रमाणिक 17 वर्ष, आनंद महतो 15 वर्ष, डाक्टर महतो 17 वर्ष और धना महतो 18 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों शवों को अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया।

मृतकों में आनंद महतो अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। चार युवकों की एक साथ मौत की खबर गांव में पहुंचते ही मातम पसर गया। आमाडीह सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद चारों शवों का अंतिम संस्कार गुवाई नदी में किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित मौजूद रहे। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया और वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

नौ घंटे तक एनएच-32 रहा जाम

हादसे के विरोध और मृतकों के परिवार को न्याय एवं सहायता दिलाने की मांग को लेकर शनिवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने गुवाई नदी पुल के समीप एनएच-32 को जाम कर दिया। बारिश के बीच ग्रामीण तंबू लगाकर सड़क पर धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों ने दोपहिया वाहनों को भी आगे नहीं जाने दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई तथा एनएच-32 पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना शामिल था।

जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब नौ घंटे तक चले गतिरोध के बाद शाम चार बजे अंचल अधिकारी सेवाराम साहू, थाना प्रभारी रवि कुमार, जेएलकेएम नेता अर्जुन रजवार और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई। वार्ता में अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई करने तथा मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और एनएच-32 पर यातायात सामान्य हो सका।

Related Post