सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में शुक्रवार को लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के गिरने से घर के अंदर मौजूद तीन महिलाएं मलबे में दबकर घायल हो गईं, जबकि दो बच्चे इस हादसे में सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसी तीनों महिलाओं को बाहर निकाला। हादसे में 62 वर्षीय हसीना बानो, 45 वर्षीय नाजनीन बानो और 25 वर्षीय मुस्कान घायल हुई हैं। तीनों को तत्काल इलाज के लिए टीएनबी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर कपाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी लेने के साथ मकान गिरने के कारणों और नुकसान का भी आकलन किया।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिल्लत नगर समेत आसपास के इलाकों में कई मकान काफी पुराने और जर्जर स्थिति में हैं। ऐसे में लगातार बारिश के दौरान इनके गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराने तथा खतरे वाले मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

