Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

केरला समाजम मॉडल स्कूल की छात्रा आयरा अहमद ने जीता गोल्ड मेडल, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

जमशेदपुर: केरला समाजम मॉडल स्कूल की कक्षा दो की छात्रा आयरा अहमद ने खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया है। आयरा ने 11 अक्टूबर 2026 को जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित मिथिला सांस्कृतिक परिषद में आयोजित दूसरी झारखंड स्टेट पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने ऑर्थोपेडिकली चैलेंज्ड श्रेणी में यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ ही आयरा ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

इस प्रतियोगिता का आयोजन योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से किया गया था। यह संस्था योगासन भारत और वर्ल्ड योगासन से संबद्ध है। प्रतियोगिता में आयरा के प्रदर्शन ने उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाया।

आयरा को इस प्रतियोगिता के लिए स्कूल के योग शिक्षक और एसजीएफआई कोच-कम-मैनेजर मितेंद्र गोराई ने प्रशिक्षण दिया। उनके मार्गदर्शन में आयरा ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

कम उम्र में आयरा की इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब उनकी नजर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पर होगी। उनकी सफलता ने न केवल स्कूल, बल्कि शहर को भी गौरवान्वित किया है।

Related Post