Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

मेहरमा स्कूल चोरीकांड में पुलिस की कार्रवाई, तीन युवक गिरफ्तार; चोरी के सभी सामान बरामद

गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले में मेहरमा थाना क्षेत्र के कन्या उच्च विद्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। विद्यालय से आठ पंखे और एक सीसीटीवी कैमरा चोरी होने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को कन्या उच्च विद्यालय, मेहरमा से आठ पंखे और एक सीसीटीवी कैमरा चोरी कर लिए गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद मेहरमा थाना में कांड संख्या 165/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। विद्यालय में हुई चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक ने मामले का जल्द खुलासा करने और चोरी गए सामानों की बरामदगी के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

निर्देश के बाद महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान श्रीराम कुमार पासवान, मोनू कुमार और गोलू कुमार को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए आठों पंखे और सीसीटीवी कैमरा बरामद कर लिया गया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में श्रीराम कुमार पासवान (20 वर्ष), पिता पंकज पासवान, मोनू कुमार (करीब 19 वर्ष), पिता संजय कपूर और गोलू कुमार (करीब 19 वर्ष), पिता सुधांशु पासवान शामिल हैं। तीनों मेहरमा थाना क्षेत्र के बनौधा गांव के निवासी हैं।

छापेमारी दल में मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार गुप्ता और मनोज कुमार निराला, सहायक अवर निरीक्षक रमेश कुमार, सहदेव प्रसाद और मनोज कुमार रंजन सहित थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Post