जमशेदपुर: शहर में आधुनिक और डिजाइन-केंद्रित फर्नीचर की नई रेंज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से होम लाइफस्टाइल ब्रांड आर्कुरा 16 अगस्त को अपना फ्लैगशिप शोरूम शुरू करने जा रहा है। टेक्नो टॉवर, डोबो में खुलने वाला यह शोरूम 5,000 वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में तैयार किया गया है। इसके साथ ही जमशेदपुर के लोगों को अपने शहर में ही समकालीन फर्नीचर और होम इंटीरियर का आधुनिक अनुभव मिलने लगेगा।
शोरूम के शुभारंभ से पहले गुरुवार को ब्रांड के संस्थापक अतुल मोदी और राशी बागरोडिया मोदी ने मीडिया से बातचीत में आर्कुरा की योजनाओं और इसके कलेक्शन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्रांड की सोच फर्नीचर को सिर्फ घर की जरूरत का सामान मानने के बजाय उसे रहने की शैली का अहम हिस्सा बनाने पर केंद्रित है।
आर्कुरा का कलेक्शन वैश्विक डिजाइन से प्रेरित है, लेकिन इसे भारतीय घरों की जरूरतों और जीवनशैली को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। शोरूम में लिविंग, डाइनिंग, बेडरूम और एक्सेंट फर्नीचर की कई श्रेणियां उपलब्ध होंगी। डिजाइन और आकार को इस तरह रखा गया है कि फर्नीचर कमरे की जगह पर हावी होने के बजाय उसके लुक और उपयोगिता को बेहतर बनाए।
ग्राहकों को मिलेगी विशेषज्ञ सलाह
ब्रांड की ओर से ग्राहकों को फर्नीचर चुनने में विशेषज्ञ सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। घर के आकार, उपलब्ध जगह और जरूरत के मुताबिक उपयुक्त फर्नीचर चुनने में टीम मदद करेगी। इसके अलावा पेशेवर डिजाइन और इंटीरियर संबंधी सलाह के लिए देशभर के इंटीरियर डिजाइनरों के साथ साझेदारी की गई है।
आर्कुरा के संस्थापकों के मुताबिक, आधुनिक फर्नीचर खरीदने के लिए जमशेदपुर समेत छोटे और उभरते शहरों के ग्राहकों को अक्सर कोलकाता, बेंगलुरु या मुंबई जैसे महानगरों का रुख करना पड़ता है। वहीं ऑनलाइन खरीदारी में फर्नीचर की सामग्री, फिनिश और आराम का वास्तविक अनुभव लेना संभव नहीं होता। ऐसे में ब्रांड स्थानीय स्तर पर ऐसा डेस्टिनेशन तैयार करना चाहता है, जहां ग्राहक फर्नीचर को सामने से देखकर, छूकर और उसकी गुणवत्ता परखकर खरीदारी कर सकें।
अमेरिका में पेशेवर अनुभव के बाद भारत लौटकर शुरू किया ब्रांड
आर्कुरा की नींव अमेरिका में पेशेवर करियर के बाद भारत लौटे अतुल मोदी और राशी बागरोडिया मोदी ने रखी है। संस्थापक जोड़े ने अंतरराष्ट्रीय डिजाइन की समझ को भारतीय घरों की व्यावहारिक जरूरतों के साथ जोड़कर ब्रांड को विकसित किया है।
ब्रांड का दावा है कि उसका उद्देश्य जमशेदपुर में आधुनिक डिजाइन, गुणवत्ता और भरोसेमंद सेवा को एक ही जगह उपलब्ध कराना है। 16 अगस्त को टेक्नो टॉवर, डोबो में शोरूम के आधिकारिक उद्घाटन के साथ आर्कुरा शहर के होम इंटीरियर बाजार में अपनी शुरुआत करेगा।

