Breaking
Thu. Aug 13th, 2026

जुगसलाई शनिदेव मंदिर में शिव चर्चा, भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल

जमशेदपुर: सावन अमावस्या के शुभ अवसर पर बुधवार को जुगसलाई दुखु मार्केट के पास रेलवे लाइन किनारे सत्यनारायण मंदिर रोड स्थित शनिदेव मंदिर में शनि ग्रह शांति यज्ञ, हवन और तेलाभिषेक पूजा का आयोजन किया गया। दामोदर शनि बाबा के सान्निध्य और नेतृत्व में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान देश की उन्नति और सुख-शांति की कामना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे।

पूजा और हवन का आयोजन पंडित अशोक शर्मा की देखरेख में पांच पंडितों ने कराया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद शिव चर्चा का आयोजन किया गया। सुमन के नेतृत्व में अनिता, बेबी, डॉली, सपना, रानी और शिवानी समेत महिलाओं की टीम ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। ‘हर हर भोला, हर हर भोला गुरु कीर्तन…’ और ‘मेरे भोले का डमरू बाजे…’ जैसे भजनों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

शिव चर्चा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा और शिव भक्ति के महत्व के बारे में बताया गया। महिलाओं ने भजनों के माध्यम से संदेश दिया कि सांसारिक बंधनों और कष्टों से मुक्ति के लिए भगवान शिव को अपना गुरु मानकर उनकी भक्ति करना एक महत्वपूर्ण मार्ग है।

दामोदर शनि बाबा ने कहा कि सभी के गुरु एकमात्र शिव हैं। शिव भक्ति और शिव चर्चा से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है तथा दुख और कष्ट दूर होते हैं। उन्होंने कहा कि शिव को गुरु मानकर उनके बताए मार्ग पर चलने से जीवन सफल और सार्थक बन सकता है।

इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर शनिदेव की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं के बीच दोपहर 1:30 बजे से प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चला। पूरे कार्यक्रम के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शनिदेव’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। महिलाओं के भजन, कीर्तन और संगीत ने पूरे इलाके को भक्तिमय बना दिया।

धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में पंडित अशोक शर्मा, मेनका सरदार, बड़ेलाल दूबे, अर्चना दूबे, अरविन्द मिश्रा, धर्मेन्द्र शर्मा, आयुषी शर्मा, नन्दकिशोर ठाकुर, प्रवीण सेठी और रामजी मिश्र समेत अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post