चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में एसआर रूंगटा ग्रुप के प्रायोजन में आयोजित 28वीं एसआर रूंगटा मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रोशन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें लगातार मेहनत करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से खिलाड़ी अपना कैरियर भी बना सकते हैं।
डीआईजी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विजेता, उपविजेता और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। जो खिलाड़ी इस बार जीत हासिल नहीं कर सके, उन्हें आगे और मेहनत कर दोबारा प्रयास करने की बात कही।
उन्होंने जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव अशोक जोशी सहित सभी पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के प्रयासों से जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। एसआर रूंगटा ग्रुप को पिछले 28 वर्षों से प्रतियोगिता के प्रायोजन के लिए भी बधाई दी।
एसोसिएशन के सचिव अशोक जोशी ने एसआर रूंगटा ग्रुप का आभार जताते हुए कहा कि ग्रुप लगातार 28 वर्षों से इस प्रतियोगिता को प्रायोजित कर रहा है। इसी प्रतियोगिता से जिले में कई प्रतिभाएं उभरकर सामने आई हैं और राज्य स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने नंदलाल रूंगटा और मुकुंद रूंगटा के खेल के प्रति रुचि और बैडमिंटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
अशोक जोशी ने मैच रेफरी, अम्पायर, जिला प्रशासन, मधुसूदन विद्यालय के निदेशक बलराज कुमार हिन्दवार, डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 17 अलग-अलग वर्गों में मुकाबले हुए, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के कुल 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें 42 बालिका एवं महिला तथा 108 बालक एवं पुरुष खिलाड़ी शामिल थे।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
अंडर-13 बालक एकल: विजेता दिलशाद आलम, उपविजेता हर्ष रंजन कोड़ाह।
अंडर-13 बालिका एकल: विजेता मंजिता बिरुवा, उपविजेता अनुष्ठा बिरुवा।
अंडर-13 बालक युगल: विजेता अभिजीत पिंगुवा व अमरदीप पुरती, उपविजेता नवनीत प्रधान व गगन बानरा।
अंडर-13 बालिका युगल: विजेता अनन्या सिंकु व अनुष्ठा बिरुआ, उपविजेता प्रसिद्धी त्रिपाठी व तृषा चटर्जी।
अंडर-15 बालक एकल: विजेता अमन देवगम, उपविजेता सुजल बागे।
अंडर-15 बालिका एकल: विजेता मंजीता बिरूवा, उपविजेता श्रद्धा कर्मकार।
अंडर-15 बालक युगल: विजेता संजय हांसदा व साहिल नायक, उपविजेता वेदान्त सत्पथी व उत्कर्ष हांसदा।
अंडर-17 बालक एकल: विजेता अमन देवगम, उपविजेता सुजल बागे।
अंडर-17 बालिका एकल: विजेता अमृता कुजूर, उपविजेता सुभानी बारी।
अंडर-17 बालक युगल: विजेता संजय बिरहोर व सूरज जारिका, उपविजेता जोतिन बिरुआ व संजय देवगम।
अंडर-17 बालिका युगल: विजेता सुभानी बारी व अनुष्का बिरुआ, उपविजेता झारिना सिंकु व मंजीता बिरुआ।
अंडर-19 बालक एकल: विजेता हर्षदीप बिरुआ, उपविजेता सूरज प्रकाश तामसोय।
अंडर-19 बालिका एकल: विजेता अमृता कुजूर, उपविजेता सुभानी बारी।
अंडर-19 बालक युगल: विजेता अदित्य रावत व हर्षदीप बिरुआ, उपविजेता शिवचरण पुरती व सूरज जारिका।
पुरुष एकल: विजेता बिमन्त सामड, उपविजेता आकाश प्रसाद।
महिला एकल: विजेता शैरोन एवंजलिन कुजूर, उपविजेता सविता बिरुली।
पुरुष युगल: विजेता बिमन्त सामड व पीयूष कुमार साव, उपविजेता आकाश प्रसाद व संजय हेम्ब्रम।
महिला युगल: विजेता शैरोन ईवेंजलीन कुजूर व माही कच्छप, उपविजेता सलोनी बिरुआ व सुप्रिया सिध्दू।
पुरस्कार वितरण समारोह में डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा, मधुसूदन विद्यालय के निदेशक बलराज कुमार हिन्दवार, शिव रतन जोशी, अनिल दोदराजका, पी सेनगुप्ता, विनय कुमार निषाद, आनंद विश्वकर्मा, सोहनलाल मूंधड़ा, वरिष्ठ खिलाड़ी जितेंद्र बानरा, मैच रेफरी सुशील पुरती, जगदीश जामुदा, राजेश बारी, अम्पायर विकास मूर्मू, बलराम मुंदुइया, साहिल हेम्ब्रम, संजय हेंब्रम, मनीष देवगम, गुरुचरण बागे सहित शहर के गणमान्य लोग, खेल प्रेमी और अभिभावक उपस्थित रहे। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन जगदीश जामुदा ने किया।

