चाईबासा: उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित जिला ग्रामीण विकास शाखा सभागार में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकसित भारत जी राम जी, आवास योजना तथा पंचायती राज विभाग के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग की विभिन्न मदों में व्यय की स्थिति और निर्धारित मानकों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी सविता टोपनो, सभी प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी विकसित भारत जी राम, प्रखंड समन्वयक आवास योजना, प्रखंड समन्वयक 15वें वित्त आयोग, जिला स्तरीय आवास योजना एवं पंचायती राज समन्वयक तथा सहायक परियोजना पदाधिकारी जिला परिषद उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान विकसित भारत जी राम जी के तहत सामग्री एवं प्रशासनिक मद में उपलब्ध राशि के भुगतान की प्रक्रिया, सक्रिय श्रमिकों का ई-केवाईसी, पूर्व से लंबित योजनाओं को पूरा करने, मानव दिवस सृजन तथा प्रत्येक पंचायत में प्रतिदिन 200 मानव दिवस के कार्य उपलब्ध कराने की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा बिरसा सिंचाई कूप, अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मानव दिवस का लाभ देने की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास और प्रधानमंत्री जनमन योजना के लंबित आवासों को पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पूर्व से लंबित योजनाओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी कार्यों को भौतिक रूप से पूरा करने अथवा खर्च की गई राशि की नियमानुसार वसूली करने का निर्देश दिया गया।
15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायत और पंचायत समिति के टाइड तथा अनटाइड मद में नियमानुसार भुगतान करते हुए व्यय प्रतिशत बढ़ाने का निर्देश दिया गया। आवास योजना के प्लिंथ, लिंटन और पूर्णता स्तर के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। इसी तरह मानव दिवस सृजन और अन्य मानकों में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने तथा 15वें वित्त आयोग की राशि का अपेक्षित व्यय नहीं करने वाले कर्मियों से भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
बैठक में सभी पंचायतों में पंचायत भवनों का रंग-रोगन, पेवर ब्लॉक, हैंडवाश यूनिट, भस्मक और टैंकर क्रय से संबंधित कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। विभागीय निर्देश के अनुसार 15 अगस्त को विशेष ग्राम सभा और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

