जमशेदपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को समारोह को लेकर परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ियों के अलावा होमगार्ड की प्लाटून, चौकीदारों की पुरुष एवं महिला टुकड़ी, एनसीसी, रेंजर गर्ल्स, स्काउट एंड गाइड की दो प्लाटून तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पटमदा की बैंड पार्टी ने हिस्सा लिया। सभी टुकड़ियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परेड का अभ्यास किया।
पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त ने मुख्य समारोह को गरिमापूर्ण एवं भव्य तरीके से आयोजित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल पर सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य तैयारियों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सिदगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीत, संगीत और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से सांस्कृतिक संध्या को लेकर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
समारोह के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और परेड सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर आयोजित समारोह में पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एवं अन्य दलों की परेड प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार संबोधन एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन को लेकर गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का भी पालन किया जाएगा। अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान तथा संबोधन का कार्यक्रम होगा। इसी तरह पंचायत मुख्यालय एवं ग्राम स्तर पर भी निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और संबोधन आयोजित किए जाएंगे।
अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, उप निदेशक जनसंपर्क सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

