Breaking
Thu. Aug 13th, 2026

*स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य साइकिल रैली, कृष्णा महतो और शीला बानरा बने विजेता*

चाईबासा: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला समाहरणालय परिसर से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घड़ी घर चौक पहुंचकर समाप्त हुई। रैली का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय पर्व के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ युवाओं को खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था।

रैली का शुभारंभ सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी और जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेम्ब्रम ने हरी झंडी दिखाकर किया। अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव का प्रतीक है और इस तरह के आयोजनों से समाज में एकता, स्वास्थ्य जागरूकता और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है।

जिला स्तरीय साइकिल रैली में पश्चिमी सिंहभूम के विभिन्न प्रखंडों से आए युवाओं और महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। समाहरणालय परिसर से शुरू होकर रैली विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए घड़ी घर चौक पहुंची, जहां प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए।

पुरुष वर्ग में कृष्णा महतो प्रथम

पुरुष वर्ग में मनोहरपुर प्रखंड के कृष्णा महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सोनुवा प्रखंड के उदय सुण्डी द्वितीय और सोनुवा के ही सरजोम सुण्डी तृतीय स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में शीला बानरा विजेता

महिला वर्ग में सोनुवा प्रखंड की शीला बानरा ने प्रथम स्थान हासिल किया। सदर प्रखंड की बुधनी सामड द्वितीय और खूंटपानी प्रखंड की बाहलेन बानरा तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर प्रशासनिक पदाधिकारियों ने विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों के प्रयास की भी सराहना की गई। आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। खेल विभाग और पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से रैली सुचारू रूप से संपन्न हुई।

Related Post