Breaking
Wed. Aug 12th, 2026

*प. सिंहभूम का नक्सलवाद से मुक्त होना ऐतिहासिक उपलब्धि: त्रिशानु राय*

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले को नक्सलवाद से मुक्त किए जाने की जिला पुलिस की घोषणा को कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह महासचिव त्रिशानु राय ने जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि करीब तीन दशक से नक्सलवाद की चुनौती से जूझ रहे पश्चिमी सिंहभूम के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण दिन है। यह उपलब्धि जिला पुलिस, झारखंड पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और प्रशासन के निरंतर प्रयासों एवं बलिदान का परिणाम है।

त्रिशानु राय ने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा केवल सुरक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि नहीं है, बल्कि इससे पश्चिमी सिंहभूम में शांति, लोकतंत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के नए अध्याय की शुरुआत होगी। लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे ग्रामीण क्षेत्रों में अब भयमुक्त वातावरण कायम होने की उम्मीद बढ़ी है।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस, झारखंड पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और सभी सुरक्षा कर्मियों को कांग्रेस की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए जवानों के बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

त्रिशानु राय ने कहा कि अब सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास की गति को तेज करना होना चाहिए। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, इंटरनेट, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम की पहचान अब नक्सलवाद के बजाय शांति, प्राकृतिक संपदा, आदिवासी संस्कृति, खेल प्रतिभा और विकास के लिए होनी चाहिए। नक्सलवाद के खात्मे के बाद जिले में निवेश, पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है।

त्रिशानु राय ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे की घोषणा जिले के लिए नए संकल्प का अवसर है। अब पश्चिमी सिंहभूम को भय से नहीं, बल्कि शांति, विश्वास और विकास से पहचाना जाएगा। कांग्रेस जिले में स्थायी शांति और समावेशी विकास के लिए हर सकारात्मक प्रयास का समर्थन करेगी।

Related Post