Breaking
Tue. Aug 11th, 2026

*16 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ पदयात्रा, करणी मंदिर से श्याम मंदिर तक गूंजेंगे हर-हर महादेव के जयकारे*

चाईबासा: श्रावण मास के अवसर पर भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, आस्था और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से ‘करने वाले शिव–कराने वाले शिव’ संस्था की ओर से 16 अगस्त 2026 को चाईबासा में भव्य कांवड़ पदयात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर शिवभक्तों में उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन समिति के अनुसार कांवड़ पदयात्रा सुबह 7 बजे गांधी टोला स्थित करणी मंदिर से शुरू होगी। इससे पहले भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना और मंगल आरती की जाएगी। इसके बाद शिवभक्त कांवड़ लेकर ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री श्याम मंदिर, ठाकुरबाड़ी पहुंचेंगे।

आयोजन समिति ने बताया कि यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपनी कांवड़ स्वयं साथ लाने का अनुरोध किया गया है। समिति का कहना है कि इससे कांवड़ यात्रा की पारंपरिक गरिमा और धार्मिक स्वरूप बना रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच भक्ति और उत्साह का माहौल रहने की उम्मीद है।

कांवड़ सजाने वालों को मिलेगा सम्मान

यात्रा के समापन पर श्री श्याम मंदिर, ठाकुरबाड़ी में सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आकर्षक एवं सुंदर कांवड़ सजाकर लाने वाले तथा विशेष कांवड़ वेशभूषा में शामिल होने वाले शिवभक्तों को संस्था की ओर से सम्मानित किया जाएगा और पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

आयोजन समिति ने चाईबासा शहर और आसपास के क्षेत्रों के शिवभक्तों, महिलाओं, युवाओं तथा धर्मप्रेमी नागरिकों से पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति के अनुसार यह आयोजन भगवान शिव की भक्ति के साथ-साथ समाज में भाईचारा, एकता, सेवा, संस्कार और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश देने का प्रयास है।

समिति ने श्रद्धालुओं से 16 अगस्त की सुबह 7 बजे समय से करणी मंदिर, गांधी टोला पहुंचने की अपील की है। आयोजन से संबंधित जानकारी के लिए 7004452925, 9771696627, 8340177001 और 9279259425 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Post