Breaking
Tue. Aug 11th, 2026

*गांधी मैदान में श्रावणी मीना बाजार शुरू, बुजुर्गों और विशेष बच्चों ने फीता काटकर किया उद्घाटन*

स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव की स्मृति में आयोजित मेले का 45 दिनों तक चलेगा आयोजन

चाईबासा: शहर के प्रसिद्ध गांधी मैदान में मंगलवार को स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव की स्मृति में श्रावणी मीना बाजार का शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी के हाथों नहीं, बल्कि झींकपानी स्थित वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों और मुख-बधिर एवं मंदबुद्धि बच्चों ने किया। उन्होंने मेला परिसर के मुख्य द्वार पर फीता काटकर और नारियल फोड़कर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान मेला संचालक सिकंदर यादव के पुत्र प्रभास कुमार यादव भी मौजूद रहे।

मेले के उद्घाटन के बाद वृद्धा आश्रम से आए बुजुर्गों और बच्चों ने मेला परिसर में लगे विभिन्न झूलों और खान-पान के स्टॉल का आनंद लिया। इस दौरान उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली। कुछ बुजुर्ग भावुक भी हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मेला संचालक सिकंदर यादव की ओर से सभी बुजुर्गों और बच्चों को विशेष उपहार भी प्रदान किया गया।

समाज के हर वर्ग को खुशी देना उद्देश्य : सिकंदर यादव

मेला संचालक सिकंदर यादव ने कहा कि उनके लिए यह सिर्फ मेले का उद्घाटन नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों को सम्मान और खुशी देने का प्रयास है, जिन्हें अक्सर समाज की मुख्यधारा से दूर महसूस कराया जाता है। उन्होंने कहा कि वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग उनके लिए अभिभावक के समान हैं। इसी तरह मुख-बधिर और मंदबुद्धि बच्चे भी समाज का हिस्सा हैं और उन्हें भी समाज के हर पहलू में शामिल होने और खुशियां मनाने का पूरा अधिकार है।

सिकंदर यादव ने कहा कि उन्हें यह देखकर तकलीफ होती है कि कुछ बुजुर्गों को उनके परिवार और बच्चे वृद्धा आश्रम में छोड़ देते हैं। ऐसे में समाज का दायित्व बनता है कि इन बुजुर्गों को सम्मान और उचित स्थान दिया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों को भी मनोरंजन और खुशी का अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि समाज के प्रति सेवा और सहयोग की भावना उन्हें अपने पिता स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव से मिली है। वे अपने पिता की सीख और उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के लिए यथासंभव सहयोग करने का प्रयास करते हैं।

समाज के लिए हमेशा तत्पर रहे घसिया यादव : अभिषेक यादव

स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव के भतीजे अभिषेक यादव उर्फ अंकित ने कहा कि उनके बड़े पापा हमेशा समाज के लिए तत्पर रहते थे। उनका जुड़ाव सभी समुदायों के लोगों के साथ था। उन्होंने सरकारी पुलिस की नौकरी छोड़कर समाज हित में काम करने को प्राथमिकता दी।

अभिषेक यादव ने कहा कि उनके बड़े भाई सिकंदर यादव की सोच भी समाज के जरूरतमंद लोगों को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने कहा कि मेले का उद्घाटन किसी बड़े नेता, मंत्री या अधिकारी से कराने के बजाय वृद्धा आश्रम के बुजुर्गों और विशेष बच्चों से कराना इसी सोच को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे समाज के बुजुर्गों और विशेष बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आगे आएं।

45 दिनों तक चलेगा मेला

श्रावणी मीना बाजार मंगलवार से शुरू होकर अगले 45 दिनों तक चलेगा। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, जलपरी सहित मनोरंजन के साधन, महिलाओं के लिए सजने-संवरने की वस्तुएं, घरेलू उपयोग की सामग्री और विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के मनोरंजन और खरीदारी के लिए यहां अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।

मेले के उद्घाटन के बाद वृद्धा आश्रम के बुजुर्गों और बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और खान-पान की चीजों का स्वाद लिया। आयोजन से उन्हें मिली खुशी को देखकर मेला संचालक और उनके परिवार के सदस्यों ने भी संतोष व्यक्त किया।

मेले के इस उद्घाटन समारोह में नगर परिषद चाईबासा के अध्यक्ष नितिन प्रकाश एवं उपाध्यक्ष विकास शर्मा भी उपस्थित हुए। मौके पर उन दोनों ने स्वर्गीय जनार्दन यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी और कहा कि इस तरह का आयोजन होना सचमुच दर्शनीय है। उन्होंने मेले की सफलता की शुभकामनाएं दीं।

Related Post