रांची। विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा की ओर से मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का रांची में असर देखने को मिला। शहर के पिस्का मोड़, अरगोड़ा चौक, नेवरी गोलचक्कर, बाईपास समेत कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे।
अरगोड़ा चौक पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल की तैनाती रही और स्थिति पर नजर रखी गई।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी ने छात्रों के आंदोलन के समर्थन में बंद का आह्वान किया था।
प्रशासन की ओर से बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद रखने और किसी भी तरह की हिंसा या जबरन दुकान बंद कराने से बचने की अपील की।

