Breaking
Sun. Aug 9th, 2026

आठ माह की गर्भवती 18 वर्षीय महिला की मौत, पति पर लगाया जिम्मेदार होने का आरोप

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के दौड़पोशी गांव में रविवार शाम आठ माह की गर्भवती 18 वर्षीय महिला दशमा सवैया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका बुनुमलता गांव निवासी भारत भूषण कुंकल की पत्नी थी। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है।

परिजनों के मुताबिक दशमा पिछले करीब दो महीने से अपने मायके दौड़पोशी में रह रही थी। रविवार शाम घर के पास एक परिजन ने उसे गंभीर हालत में देखा। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मंझारी थाना की टीम मौके पर पहुंची।

बताया गया कि दशमा ने भारत भूषण कुंकल के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी वजह से दशमा करीब दो महीने पहले अपने मायके आकर रहने लगी थी। परिजनों ने उसकी मौत के लिए पति को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतका की मां अनीता कुई ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ हुई घटना के लिए उसके पति भारत भूषण कुंकल जिम्मेदार हैं और वह उसके खिलाफ मामला दर्ज कराएंगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मंझारी थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दशमा के आठ माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद परिवार का दुख और बढ़ गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Post