पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागढ़िया गांव में घरेलू विवाद ने बुधवार देर रात भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने गुस्से में अपनी पत्नी और सास पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय गुलचेहरा बीबी और उनकी 50 वर्षीय मां मेनजा बीबी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अबरास अंसारी दूसरे राज्य में मजदूरी करता है और घटना वाले दिन ही अपने गांव लौटा था। देर रात किसी पारिवारिक बात को लेकर पत्नी और सास के साथ उसका विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक हो गई और आरोपी ने चाकू से दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से दोनों महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद करीब सात वर्षीय बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने पहले उसकी मां और नानी से झगड़ा किया और फिर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद घर में मौजूद बच्चे रोने लगे, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
सूचना मिलने पर लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया।
एसडीपीओ कुमार गौरव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी कोलकाता में मजदूरी करता है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

