साहिबगंज : जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र में मंगलवार को ड्यूटी के दौरान एक एएसआई पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में कोटालपोखर थाना में पदस्थापित एएसआई हेमंत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पलासबोना गांव में एक युवक नशे की हालत में हाथ में चाकू लेकर घूम रहा है और लोगों के बीच दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई हेमंत यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस जब युवक को पकड़ने का प्रयास कर रही थी, तभी उसने अचानक एएसआई हेमंत यादव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया और आरोपी युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
बरहरवा के एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

