चतरा : चतरा पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की नकली शराब बरामद की है। यह कार्रवाई शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे सदर थाना क्षेत्र के भुइयाँडीह इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने यूपी नंबर के एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध नकली शराब बरामद की। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर और ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने ट्रक और उसमें लदी पूरी शराब की खेप को जब्त कर सदर थाना ले आई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह नकली शराब बिहार में खपाने के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। पुलिस फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बरामद शराब की गुणवत्ता तथा नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

