कोडरमा। तिलैया थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल की नई बैटरियों की चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई एक्साइड कंपनी की 14 नई मोटरसाइकिल बैटरियां बरामद कर जब्त कर ली हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, तिलैया थाना कांड संख्या 228/26, दिनांक 1 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। यह प्राथमिकी सामांतो पंप के सामने स्थित बैटरी दुकान के संचालक राजकुमार भदानी द्वारा दर्ज कराई गई थी। उन्होंने अपने दुकान के कर्मचारी सुमित कुमार पर नई मोटरसाइकिल बैटरियां चोरी करने का आरोप लगाया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त सुमित कुमार (18 वर्ष), पिता किशुन राम, निवासी तिलैया बस्ती तथा उसके सहयोगी रोहित कुमार (25 वर्ष), पिता अशोक वर्णवाल, निवासी तिलैया बस्ती को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई एक्साइड कंपनी की 14 नई मोटरसाइकिल बैटरियां बरामद की गईं, जिन्हें विधिवत जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
विशेष छापेमारी दल में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह, तिलैया थाना के पैंथर आरक्षी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

