जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल से 26 जुलाई को बरामद महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए हत्या में इस्तेमाल किए गए वाहन और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि महिला लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे तंग आकर उसने उसकी हत्या कर दी और शव को कैनाल में फेंक दिया।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह करीब 8:20 बजे कलियाडीह कैनाल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच के बाद शव की पहचान जुगसलाई के बंगालीपाड़ा निवासी 45 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच में पोटका थाना क्षेत्र के छोटा बांदुआ निवासी दासमत बास्के की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि किरण देवी उससे शादी करने की जिद कर रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कलियाडीह कैनाल में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी, घटना के समय पहना गया काला टी-शर्ट, एक गुलाबी रंग का बैग तथा बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिटी एसपी ने बताया कि मामले के सफल खुलासे में पुलिस उपाधीक्षक सुमीत कुमार, परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार तथा एसआईटी में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

