जमशेदपुर। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित होने वाली 11वीं नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो गई है। शनिवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि इस वर्ष कुल 1000 शिवभक्तों ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें 543 महिलाएं और 457 पुरुष शामिल हैं। सभी श्रद्धालु 9 अगस्त को बस, छोटी गाड़ियों और ट्रेन के माध्यम से सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे और वहां से पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर पहुंचेंगे।
विकास सिंह ने बताया कि यात्रा में कदमा, सोनारी, बिष्टुपुर, साकची और मानगो सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालु भाग लेंगे। यात्रा के दौरान सभी कांवरियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें लाल रंग की टोपी, नीले रंग की गंजी तथा फोटो और मोबाइल नंबर अंकित पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहचान पत्र धर्मशालाओं और वाहनों में प्रवेश सहित अन्य व्यवस्थाओं में भी उपयोगी होगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सेवक बम रेडियम युक्त पोशाक पहनकर वॉकी-टॉकी के साथ साइकिल से पूरे कांवर पथ पर गश्त करेंगे, ताकि कोई भी श्रद्धालु रास्ता न भटके। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए डॉक्टर, नर्स, आवश्यक दवाइयों और एक एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
संघ ने कांवर पथ पर कुल आठ पड़ाव आरक्षित किए हैं। प्रत्येक पड़ाव पर भोजन, विश्राम, पेयजल, निजी जनरेटर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए विशेष धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जिसके लिए छत्तीसगढ़ से कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए करीब 150 सेवक बम श्रद्धालुओं से एक दिन पहले सुल्तानगंज पहुंच जाएंगे।
विकास सिंह ने बताया कि इस वर्ष देवघर में श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था भी बदली गई है। पानी की समस्या को देखते हुए इस बार शिवगंगा के समीप स्थित होटल महामाया को पूरी तरह आरक्षित किया गया है। जलार्पण के बाद श्रद्धालु वहीं विश्राम करेंगे और इसके बाद बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे।
संवाददाता सम्मेलन में काजल प्रसाद, राधा अग्रवाल, विद्या देवी, अंजनी देवी, ऊषा रानी दास, कमला देवी, सुमन सिन्हा, पायल कुमारी और चंदना बनर्जी सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

