Breaking
Sat. Aug 1st, 2026

बीजूपाड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला मांडर के युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

रांची। चान्हो थाना क्षेत्र के बीजूपाड़ा बस्ती के समीप एनएच किनारे शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मांडर थाना क्षेत्र के सोसई गांव निवासी 45 वर्षीय मनोहर खलखो के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही चान्हो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर के बाईं ओर हल्की चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं, शव सड़क से कुछ दूरी पर मिलने के कारण पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

चान्हो थाना प्रभारी टिंकू रजक ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की अंतिम गतिविधियों और घटनास्थल तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

परिजनों के अनुसार मनोहर खलखो अपने पीछे तीन बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम उनका शव गांव पहुंचा, जहां स्थानीय कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Related Post