Breaking
Fri. Sep 11th, 2026

जुबिली पार्क के पास महिला से डेढ़ लाख की सोने की चेन झपटी, एसएसपी कार्यालय के सामने वारदात से दहशत

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम जुबिली पार्क के समीप रौनक एग रोल दुकान के पास बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सोनारी के आदर्शनगर निवासी चंदना दास अपने परिवार और ननद के साथ जुबिली पार्क घूमने आई थीं। पार्क से निकलने के बाद सभी लोग साकची स्थित खाऊ गली में खाना खाने पहुंचे। बताया जाता है कि जब चंदना दास फूड स्टॉल के सामने बैठने जा रही थीं, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने उतरते ही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और अपने साथी के साथ तेज रफ्तार से फरार हो गया। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दिनदहाड़े चेन झपटमारी की यह दूसरी घटना है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह वारदात एसएसपी कार्यालय के सामने हुई है। लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं से लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post