Breaking
Sat. Aug 1st, 2026

श्रावण में कांवड़ियों की सेवा के लिए श्री बोल बम सेवा समिति ने बनाई रणनीति, विभिन्न शिविरों की जिम्मेदारियां सौंपीं

चाईबासा: श्री बोल बम सेवा समिति, चाईबासा की बैठक स्थानीय श्री सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में समिति के अध्यक्ष मोहन रुंगटा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी चाईबासा से मुर्गा महादेव जाने वाले स्थानीय एवं डाक कांवड़ियों की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए समिति ने अलग-अलग विभागों का गठन करते हुए सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का वितरण किया।

बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2026 की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मोहन रुंगटा को अध्यक्ष, अशोक विजयवर्गीय एवं सोनु शर्मा को उपाध्यक्ष, संजय गर्ग को सचिव, धीरज अग्रवाल एवं गोपाल साह को सहसचिव, अजय बजाज को कोषाध्यक्ष तथा रमेश खिरवाल को प्रेस प्रभारी मनोनीत किया गया।

कांवड़िया सेवा कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी शिव बजाज को सौंपी गई। शिविरों की व्यवस्था के लिए 21 अगस्त को झींकपानी शिविर का दायित्व भरत लोहानी, विक्की लोहानी, मानिक दास, बबलू मिश्रा एवं ऋषिकेश शर्मा को दिया गया। 22 अगस्त को हाटगम्हरिया शिविर की जिम्मेदारी प्रताप पुष्टी और मोहन रुंगटा को सौंपी गई। इसी दिन जगन्नाथपुर शिविर का दायित्व शिव बजाज, संजय गर्ग एवं सोनु शर्मा संभालेंगे। वहीं 23 अगस्त को कोटगढ़ शिविर की जिम्मेदारी श्रवण खोवाला, राजकुमार मुंधड़ा, अनिल मुरारका एवं पवन चांडक को दी गई।

कोष संग्रह के लिए मोहन रुंगटा, शिव बजाज, रमेश चौमाल, सोनु शर्मा, संजय गर्ग और मानिक दास की टीम गठित की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्रावण माह के दूसरे रविवार को बाबा भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कराया जाएगा।

बैठक में किशन सिंहानिया, मोहन रुंगटा, संजय गर्ग, रमेश चौमाल, शिव बजाज, अनिल मुरारका, पवन चांडक, अशोक विजयवर्गीय, अजय बजाज, सोनु शर्मा, नारायण पाड़िया, ऋषिकेश शर्मा, धीरज लोढ़ा, धीरज अग्रवाल, श्रवण खोवाला, राजकुमार मुंधड़ा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

अध्यक्ष मोहन रुंगटा और सचिव संजय गर्ग ने सभी सदस्यों से कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने और कांवड़ियों की सेवा में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे तन, मन और धन से सहयोग देकर सेवा कार्य को सफल बनाएं।

Related Post