Breaking
Wed. Jul 29th, 2026

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खूंटपानी में नवप्रवेशी छात्राओं का भव्य स्वागत, उपायुक्त मनीष कुमार ने किया प्रोत्साहित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खूंटपानी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत कक्षा छह की नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत एवं प्रोत्साहन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पुष्पगुच्छ, तिलक और पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका स्वागत किया। स्वागत गीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान नशा उन्मूलन विषय पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों से बचने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना की।

समारोह में उपायुक्त मनीष कुमार ने नवप्रवेशी छात्राओं के बीच विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले शैक्षणिक एवं दैनिक उपयोग के किट का वितरण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए नियमित पढ़ाई, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि छात्राओं के लिए एक परिवार की तरह है, जहां उन्हें सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बालिका शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियां भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को पूरा कर सकें।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास, पुस्तकालय, आवासीय सुविधा और पौष्टिक भोजन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। छात्राओं को इनका पूरा लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए।

मनीष कुमार ने कहा कि “शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।” उन्होंने वरिष्ठ छात्राओं से नई छात्राओं को छोटी बहन की तरह सहयोग करने की अपील की, ताकि वे विद्यालय के वातावरण में आसानी से घुल-मिल सकें। साथ ही उन्होंने छात्राओं को मोबाइल और अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर पढ़ाई, खेल और रचनात्मक कार्यों पर ध्यान देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य यमुना तियु, खूंटपानी अंचलाधिकारी फुलेश्वर साव, स्थानीय मुखिया दोनो बान सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, विद्यालय की वार्डन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय कर्मी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Post