कोडरमा। कोडरमा पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को कोडरमा थाना क्षेत्र के वृन्दा गांव निवासी गुरु प्रसाद साव के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर कोडरमा थाना में कांड संख्या 136/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई, जिसमें तकनीकी शाखा के कर्मियों को भी शामिल किया गया।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद (अम्बाटांड़) निवासी तौफिक अंसारी और करमा (पूर्वी गली) निवासी मो. आतिफ मंसूरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
बरामद सामान में सोने और चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, कान के टॉप, नाक के आभूषण, पायल, सिक्के, आर्टिफिशियल हार, कमरबंद, बाजूबंद, झुमके, नकद 10 हजार रुपये, दो स्मार्टफोन, ज्वेलरी का बिल तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (JH12G-5323) शामिल हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए गए लोहे का रिंच और पेचकश भी पुलिस ने जब्त किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक धनेश्वर कुमार तथा कोडरमा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

