रांची। राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में अशोक नगर स्थित दो घरों में हुई चर्चित चोरी की घटना का रांची पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से करीब 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नकदी और जेवरात बरामद किए जा चुके हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 172/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पहले ही घटना में प्रयुक्त यूपी पंजीकरण संख्या की एक जगुआर कार, चोरी गए सोने के आभूषण तथा 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए थे। आगे की जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त से जुड़े समीर खान उर्फ कबीर खान नामक सोना व्यवसायी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल से करीब 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर खान उर्फ कबीर खान, निवासी शुक्ला रोड, रमना, नगर थाना, मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और चोरी की संपत्ति तथा अन्य आरोपियों के संबंध में भी अनुसंधान किया जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय और हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार ने किया। छापेमारी टीम में अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई, डेली मार्केट थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह सहित अरगोड़ा, खादगढ़ा टीओपी, पुंदाग ओपी, तुपुदाना, गोन्दा, बुंडू महिला थाना, लोअर बाजार, कोतवाली, नामकुम, बरियातु और जगन्नाथपुर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

