Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

ब्लैकमेलिंग और शादी के दबाव से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, युवती पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह (बड़तल्ला) में 21 वर्षीय अजय कुमार यादव ने कथित रूप से मानसिक तनाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। रविवार की शाम करीब छह बजे उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। अजय गम्हरिया स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था।

परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही घर के लोगों ने अजय को फंदे से उतारकर तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के मामा रिंकू यादव और अन्य परिजनों ने कदमा निवासी एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि युवती लगातार अजय पर शादी करने का दबाव बना रही थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ ब्लैकमेल भी कर रही थी। परिजनों का दावा है कि मृतक के मोबाइल फोन में युवती से हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सकता है। उनका आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के कारण अजय ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और मोबाइल फोन में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post