Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार; ₹30 लाख के सोना-चांदी के जेवरात बरामद

सिमडेगा। सिमडेगा पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात, नकद राशि, चोरी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा गृहभेदन के औजार बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से सिमडेगा और गुमला जिले में हुई कुल पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, हरिजन टोली निवासी राहुल कुमार सिंह के घर में 5 जुलाई को हुई चोरी के मामले में सिमडेगा थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल आरोपी छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तपकारा क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पहले जशपुर जिले के सुईजो गांव निवासी 19 वर्षीय अनिकेत टोप्पो को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर गुमला निवासी 22 वर्षीय सैफ अली को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने सिमडेगा में हुई चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए जेवरात, नकद, मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने सिमडेगा थाना क्षेत्र के सलडेगा-बराबरपानी स्थित राशन दुकान में चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। उस मामले में चोरी गया राशन भी उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा आरोपियों ने गुमला जिले के करुंडी, फसिया और आनंद नगर क्षेत्रों में भी घरों में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इन गिरफ्तारियों से गुमला थाना के तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में उनके खिलाफ झारखंड और छत्तीसगढ़ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज कई पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी मिली है। दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Related Post