चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल, चाईबासा में ब्लड दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताकर जरूरतमंद मरीजों के परिजनों से पैसे वसूल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण बुधराम गोप ने आरोप लगाया है कि शनिवार को ब्लड दिलाने के नाम पर उनसे ₹4,700 ले लिए गए। पैसे लेने के बाद संबंधित व्यक्ति वहां से चला गया और ब्लड की व्यवस्था नहीं कराई। इसके बाद बुधराम गोप ने रविवार को उसी व्यक्ति को फिर से अस्पताल परिसर में देखा, जहां वह कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क कर रहा था।
बुधराम गोप ने अस्पताल प्रबंधन समिति के सुरक्षा गार्ड की मदद से उस व्यक्ति को पकड़ लिया और सदर थाना, चाईबासा ले गए। थाना में उन्होंने अपने पैसे वापस दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग की। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम संजय सोलंकी बताया, जबकि अपने एक सहयोगी का नाम प्रिंस तिग्गा बताया।
मामले की जानकारी मिलने पर समाजसेवी एवं खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा भी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से मांग की कि अस्पताल परिसर में सक्रिय ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि जिले के सुदूरवर्ती गांवों से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए सदर अस्पताल आते हैं। ब्लड की जरूरत पड़ने पर कुछ लोग उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर ठगी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था के तहत ब्लड उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन कुछ लोग अवैध रूप से पैसे लेकर अस्पताल की छवि खराब कर रहे हैं।
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों से अपील की गई है कि ब्लड या अन्य किसी भी सुविधा के लिए केवल अधिकृत अस्पताल कर्मियों से ही संपर्क करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को पैसे न दें।

