Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से हमला कर व्यक्ति की हत्या, चार हिरासत में

सिमडेगा: जिले के बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा गांव में शनिवार को जमीन को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। धारदार हथियार से किए गए हमले में भुवनेश्वर महतो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बोलबा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत खेत की जुताई को लेकर हुई। बताया गया कि मृतक के रिश्तेदार खेत में हल चला रहे थे, जिसका उनके पिता ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के कुछ देर बाद 5 से 7 लोग हथियारों से लैस होकर भुवनेश्वर महतो के घर पहुंचे। हमलावरों ने तलवार, चाकू समेत अन्य धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से भुवनेश्वर महतो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के दौरान हमलावरों ने मृतक के बेटे पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। बाद में जब वह वापस घर पहुंचा तो आंगन में अपने पिता का शव पड़ा मिला। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Related Post