Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

मांडर में आठवीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी ने थाने में किया सरेंडर

रांची : मांडर स्थित संत जेवियर स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र प्रवीण कुमार साहू (16) को स्कूल की छुट्टी के बाद चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना दोपहर करीब 2:00 बजे की है, जब छात्र स्कूल से बाहर निकल रहा था। गंभीर रूप से घायल छात्र को मांडर पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए मांडर के लिवेन्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, मांडर के मलती गांव निवासी प्रवीण कुमार साहू, पिता राजेश साहू, प्रतिदिन की तरह स्कूल आया था। छुट्टी के बाद जैसे ही वह अपने साथियों के साथ स्कूल गेट से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे उसी गांव के सुमित उरांव (22), पिता स्व. बुधुवा उरांव ने सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में छात्र के हाथ, कंधे, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए तथा उसकी पीठ में भी चाकू घोंप दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुए इस हमले से स्कूल परिसर के बाहर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद पेट्रोलिंग पर निकली मांडर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक छात्र के शरीर पर एक दर्जन से अधिक चाकू के घाव मिले हैं और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद आरोपी सुमित उरांव स्वयं मांडर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। प्रारंभिक जांच में हमले का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। आरोपी और घायल छात्र दोनों एक ही गांव के निवासी एवं पड़ोसी हैं। बताया जाता है कि आरोपी भी पहले संत जेवियर स्कूल का छात्र रह चुका है।

मांडर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पुरानी रंजिश के कारणों और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Related Post