हजारीबाग : जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। चंद्रगुप्त माइंस के समीप हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक सवार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर केरेडारी थाना पुलिस ने वाहन जांच और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान चंद्रगुप्त माइंस के पास पुलिस का सामना संदिग्ध बाइक सवारों से हुआ।
पुलिस के अनुसार, रुकने का इशारा करने पर अपराधियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी घायल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी बार-बार अपना नाम और पहचान बदल रहे हैं। पुलिस उनकी वास्तविक पहचान, आपराधिक रिकॉर्ड और राहुल दुबे गिरोह से संबंधों की जांच कर रही है।
केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी आसपास छिपे हो सकते हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामद हथियारों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेगी।

