Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

जुगसलाई में पांच दिनों से ठप डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पार्षदों ने नगर परिषद से की तत्काल कार्रवाई की मांग

जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य बंद रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लों और गलियों में कचरे का अंबार लगने से दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इस समस्या को लेकर मंगलवार को जुगसलाई नगर परिषद के पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान से मुलाकात कर शीघ्र समाधान की मांग की।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि कचरा संग्रहण का जिम्मा संभाल रही एजेंसी लगातार विभिन्न बहाने बनाकर नियमित रूप से कचरा उठाने से इनकार कर रही है। एजेंसी की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जिससे नगर परिषद के प्रति लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

पार्षदों ने मांग की कि यदि वर्तमान एजेंसी निर्धारित शर्तों के अनुरूप कार्य करने में सक्षम नहीं है, तो उसके खिलाफ तत्काल नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर एजेंसी का टेंडर रद्द कर किसी सक्षम एजेंसी को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी सौंपी जाए। उनका कहना था कि नगर परिषद को इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित कचरा संग्रहण शुरू नहीं हुआ तो वे जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन और संबंधित एजेंसी की होगी।

वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि कचरा संग्रहण करने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान कर बुधवार से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य पुनः शुरू करा दिया जाएगा।

इस दौरान पार्षद अनिल मोदी, सत्यनारायण अग्रवाल (मुन्ना) और बड़े लाल दुबे भी मौजूद रहे।

Related Post