Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

प्रेमी संग भागने की साजिश के लिए पत्नी ने रची लाखों की चोरी, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में चोरी के एक मामले का पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। जिस घटना को शुरुआत में अज्ञात चोरों की करतूत माना जा रहा था, उसकी साजिश घर की ही महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र के विशुनापुर बाजार का है। यहां रहने वाले लवकुश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए और बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल और परिवार के सदस्यों के बयान में कई विसंगतियां मिलीं। पूछताछ के दौरान लवकुश की पत्नी पूनम कसौधन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। महिला पुलिसकर्मी द्वारा अलग से पूछताछ किए जाने पर पूनम ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पूछताछ में पूनम ने बताया कि उसके रिश्तेदार विकास कसौधन के साथ उसके प्रेम संबंध थे। दोनों घर छोड़कर साथ रहने की योजना बना रहे थे, जिसके लिए उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसी कारण दोनों ने घर में रखे जेवर और नकदी चोरी करने की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि विकास उसका मौसेरा भाई है।

पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात पूनम ने विकास को फोन कर घर बुलाया। दोनों ने मिलकर संदूक और बक्सों से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन निकाल लिए। इसके बाद चोरी का माहौल बनाने के लिए कमरे का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया। पूनम ने खुद को बेहोश दिखाते हुए दावा किया कि 9 से 10 अज्ञात बदमाश घर में घुसे, उसके साथ मारपीट की और चोरी कर फरार हो गए।

पुलिस ने पूनम की निशानदेही पर विकास कसौधन को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 19.610 ग्राम सोने के आभूषण, 1.585 किलोग्राम चांदी के जेवर, 50 हजार रुपये नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सामान में अंगूठियां, झुमके, पायल, बिछिया, कमरबंद और अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं।

खरगूपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम की पुलिस अधीक्षक ने सराहना की।

Related Post