Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

जमीन विवाद में दिव्यांग युवती से दुष्कर्म व हत्या का आरोप, मां ने सगे भाइयों पर दर्ज कराई शिकायत

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने सगे भाइयों पर करोड़ों रुपये की पुश्तैनी जमीन के विवाद में अपनी 29 वर्षीय दिव्यांग बेटी के साथ दुष्कर्म करने और उसकी हत्या कर देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत मिलने के बाद आदित्यपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता की मां दीपाली दास ने आदित्यपुर थाना में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि आनंदपुर स्थित पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उसके भाइयों ने पूरी साजिश रची। उनका कहना है कि संपत्ति में हिस्सेदारी खत्म करने के उद्देश्य से पहले उनकी दिव्यांग बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में उसकी मां तथा गांव के कुछ प्रभावशाली लोग भी आरोपियों का समर्थन कर रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, पुश्तैनी संपत्ति को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था। दीपाली का आरोप है कि उसे उसके अधिकार से वंचित करने के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। यहां तक कि उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ साबित करने की भी कोशिश की गई। प्रताड़ना से तंग आकर उसे घर छोड़ना पड़ा और वह अपनी दिव्यांग बेटी के साथ भिक्षावृत्ति कर किसी तरह जीवनयापन कर रही थी।

महिला का कहना है कि जिन लोगों से उसे सुरक्षा की उम्मीद थी, उन्हीं पर उसकी बेटी की जान लेने का आरोप है। न्याय की मांग को लेकर वह आदित्यपुर थाना पहुंची और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार को आनंदपुर गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जमीन विवाद से जुड़े पुराने दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। साथ ही युवती की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की वैज्ञानिक तरीके से पड़ताल की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post