Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

पेट्रोल पंप पर डिक्की से जेवरात चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

कोडरमा। कोडरमा पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित एक पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल की डिक्की से जेवरात चोरी की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवरात, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा डिक्की का लॉक खोलने में इस्तेमाल की गई मास्टर चाभी भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि 8 जुलाई को स्वर्ण व्यवसायी अशोक सोनी पेट्रोल भराने के लिए उरवां स्थित पेट्रोल पंप पर रुके थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की का लॉक मास्टर चाभी से खोलकर उसमें रखे जेवरात से भरा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गए। घटना के बाद चंदवारा थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।

विशेष टीम ने घटनास्थल से प्राप्त तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने उड़ीसा के जाजपुर जिले में छापेमारी कर गिरोह के दो सदस्यों राजू दास और धनराज प्रधान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की पूरी साजिश का खुलासा करते हुए बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोरी किए गए जेवरात से भरा बैग राजू दास की पत्नी को सौंप दिया गया था। उसकी जिम्मेदारी रेकी करना और चोरी के सामान को सुरक्षित ट्रेन के माध्यम से जाजपुर पहुंचाना थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से चोरी के सभी जेवरात बरामद कर लिए।

एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं, जिसका नेटवर्क उड़ीसा के छह जिलों तक फैला हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य दिल्ली, मुंबई, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में इसी तरह की चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।

Related Post