चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र के मुर्गा पाड़ा में रविवार दोपहर एक 20 वर्षीय युवक ने कथित रूप से फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान समर प्रसाद के रूप में हुई है। सोमवार को चाईबासा सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के चाचा विनोद प्रसाद ने बताया कि समर प्रसाद के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। इस कारण वह अक्सर मानसिक रूप से परेशान रहता था। उन्होंने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी और उसका इलाज रांची के कांके स्थित रिनपास (RINPAS) में चल रहा था। चिकित्सकों की ओर से दवा दी जा रही थी और परिवार के लोगों को हमेशा उस पर नजर रखनी पड़ती थी, ताकि वह कहीं चला न जाए।
विनोद प्रसाद ने बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे उनकी पत्नी कुछ देर के लिए घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान समर ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। जब उनकी पत्नी वापस लौटी तो काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से देखने पर समर पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और तत्काल किरीबुरू जनरल अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना किरीबुरू थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को चाईबासा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
विनोद प्रसाद ने बताया कि समर अक्सर इस बात को लेकर चिंतित रहता था कि माता-पिता के नहीं रहने के बाद उसकी देखभाल कौन करेगा। वह अधिकतर समय गुमसुम रहता था और कभी-कभी असामान्य व्यवहार भी करता था। उन्होंने बताया कि समर ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी।
किरीबुरू थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।

