Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

सांप के डसने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत, समय पर इलाज और जागरूकता की अपील

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के सुदूर अबुरु गांव में सांप के डसने से 11 वर्षीय लेंबो लोहार की मौत हो गई। सोमवार को सदर थाना पुलिस ने चाईबासा सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पोस्टमार्टम हाउस में खूंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की है। उस समय लेंबो लोहार अपने घर में सो रही थी। आशंका है कि सोने के दौरान उसे एक विषैले सांप ने डस लिया। सुबह जब बच्ची की तबीयत बिगड़ी तो वह काफी परेशान दिख रही थी। इसके बाद परिजन उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए।

सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि चिकित्सक ने बच्ची के लक्षण देखकर सांप के काटने की आशंका जताई और उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन बच्ची को लेकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि उनका क्षेत्र जंगल से घिरा हुआ है और बरसात के मौसम में सांप-बिच्छू निकलना सामान्य बात है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से रात में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने, घर में टॉर्च और डंडा रखने तथा अंधेरे में बाहर निकलते समय रोशनी की व्यवस्था करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक में समय बर्बाद करने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराना चाहिए। समय पर इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

घटना के बाद अबुरु गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Related Post